6 पोषक तत्व जो आर्थोपेडिक सर्जरी के बाद जल्दी रिकवरी के लिए है जरूरी!


 

किसी भी सर्जरी से जल्दी रिकवरी के लिए सबसे ज्यादा जरूरी है खानपान पर ध्यान देना। सर्जरी के पहले और बाद में फिट रहने के लिए हेल्दी फूड्स की भूमिका सबसे अहम होती है। वहीं आर्थोपेडिक सर्जरी के बाद मरीज की थाली में कुछ पोषक तत्वों का होना आवश्यक है। तभी तो हड्डियां मजबूत होंगी और मरीज जल्द से जल्द अपने रोजाना के जीवन में वापस लौट सकेगा। चाहे नी रिप्लेसमेंट सर्जरी हो या हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी, जल्दी रिकवर होने का फॉर्मूला ही है स्वस्थ आहार।

 जानें क्या होती है आर्थोपेडिक सर्जरी? 

मस्कुलोस्केलेटल सिस्टम यानी जोड़ों, हड्डियों, मांसपेशियों, लिगामेंट्स, टेंडन आदि से जुड़ी समस्याओं के लिए की जाने वाली सर्जरी को आर्थोपेडिक सर्जरी कहा जाता है। इन समस्याओं में ट्यमूर, गठिया, फ्रैक्चर, कोई जन्मजात विकृति  व अन्य शामिल हैं। 

 आर्थोपेडिक सर्जरी के पहले और बाद में खानपान का कैसे रखें ध्यान?

आर्थोपेडिक सर्जरी के कुछ दिनों पहले से लेकर सर्जरी के बाद कुछ महीनों तक अगर मरीज अपने खाने-पीने पर ध्यान दे तो इससे हीलिंग प्रक्रिया तेज होती है। इसके साथ ही सर्जरी के बाद किसी प्रकार के संक्रमण होने का खतरा भी काफी कम हो जाता है। इसीलिए अपने खाने में इन 6 पोषक तत्वों को जरूर शामिल करें -


1. प्रोटीन -  चाहे नी रिप्लेसमेंट हो या अन्य कोई आर्थोपेडिक सर्जरी, कम से कम से 5 दिन पहले से लेकर सर्जरी के हफ्ते बाद तक मरीज को रोजाना 80 ग्राम प्रोटीन का सेवन करना चाहिये। अंडे, दूध, दही, चीज़, चिकन, फिश, नट्स, नट बटर, प्रोटीन शेक आदि से मरीज पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन प्राप्त कर सकता है।

2. आयरन - आयरन शरीर में हीमोग्लोबिन की मात्रा को बढ़ाता है। इसीलिए सर्जरी के पहले और बाद के दिनों में आयरन युक्त भोजन का सेवन फायदेमंद हो सकता है। रेड मीट, हरी पत्तेदार सब्जियां, बीन्स, दाल, मेवे, तरबूज आदि चीजों में आयरन भरपूर मात्रा में मौजूद रहता है।

3. कैल्शियम और विटामिन डी - हड्डियों को मजबूत बनाये रखने के लिए कैल्शियम और विटामिन डी लेना बेहद जरूरी है। लो फैट डेयरी प्रोडक्ट्स जैसे दूध, दही आदि चीजें कैल्शियम और विटामिन डी का मुख्य स्त्रोत हैं।

4. फाइबर - आर्थोपेडिक सर्जरी के पहले और बाद में फाइबर युक्त खाने का सेवन उचित मात्रा करना फायदेमंद होता है। इससे मरीज को कब्ज की शिकायत नहीं होती है। ज्यादातर मरीजों के लिए हर रोज 25 से 35 ग्राम तक फाइबर का सेवन करना आवश्यक है।  होल ग्रेन फूड्स, फल, सब्जियां, बीन्स, दाल आदि चीजें खाने से मरीज को उचित मात्रा में फाइबर मिल सकता है। 

5. विटामिन सी - कोलेजन नामक प्रोटीन बनाने के लिए विटामिन सी का सेवन जरूरी है। इससे लिगामेंट्स, टेंडेन एवं सर्जरी की घाव से जल्दी उबरने में मदद मिलती है। खट्टे फल जैसे संतरा, मौसम्बी, कीवी, स्ट्रॉबेरी, ब्रोकली आदि चीजों से मरीज विटामिन सी ले सकता है। 

6. जिंक - आर्थोपेडिक सर्जरी के बाद जल्दी रिकवरी में जिंक भी मददगार होता है। मीट, होल ग्रेन फूड्स, फिश, ब्रेड, डेयरी प्रोडक्ट्स, नट्स आदि चीजों से मरीज अपने शरीर में जिंक की आपूर्ति कर सकता है।


अगर आपके खाने में भी उपर बतायी गयी 6 चीजें शामिल हैं तो आर्थोपेडिक सर्जरी के बाद आप भी जल्दी ठीक हो सकते हैं। खानपान में जरा सा ध्यान देना आपके लिए बेहद लाभदायक साबित हो सकता है। आप चाहें तो इस मामले में अपने डॉक्टर की सलाह भी ले सकते हैं। 



Source





टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

चाहती हैं नॉर्मल प्रेगनेंसी तो अपने डाइट चार्ट को बनाए संतुलित

‘अति’ हर चीज की खराब है, फिर चाहे वो ‘प्रोटीन’ ही क्यों न हो!

सांस लेने में है तकलीफ, कहीं ये नाक की हड्डी बढ़ने का संकेत तो नहीं!